शिवपुरी 22 जनवरी ; शिवपुरी के अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर कंबल में लिपटा नवजात का शव मिला है, इसके मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्ची के शरीर पर कुत्तों के नोंचने के निशान दिखे है। आशंका व्यक्त की गई है कि बच्ची की मौत ठंड लगने से हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दिया है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार बस स्टैंड में दुकान चलाने वाले श्याम सिंह तोमर ने बताया कि आज सुबह में अपनी दुकान खोलने आया था। दुकान का गेट निकालकर में पीछे रखने गया था। इसी दौरान मुझे एक कंबल दिखाई दी। जब लकड़ी से कंबल को हटाया तो बच्चे का पैर दिखाई दिया। कंबल को हटा कर देखा तो एक नवजात का शव नजर आया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। दुकानदार सुबह दुकान खोलने पहुंचा, तब पीछे नवजात बच्ची का शव कंबल में लिपटा मिला है। उसके शरीर पर कुत्तों के नोंचने के निशान मिले हैं। दुकान संचालक श्याम सिंह तोमर ने बताया कि बीती रात जब वह दुकान को बंद करने पीछे रखे हुए गेट को उठाने गए थे तब वहां कुछ नहीं था। इसके बाद वह दुकान को बंद कर घर चला गया था। रात के समय इस बस स्टैंड से बसों का आवागमन भी बंद हो जाता है। इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि नवजात के शव को रात के अंधेरे में कोई छोड़कर गया है। कड़ाके की सर्दी के चलते नवजात की मौत रात में हो गई है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।