रीवा,० 9 जुलाई ; विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर देह व्यापार के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। महिला ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय में शिकायत कर पति, ससुर समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसका पति दोस्तों को घर बुलाता है और उनसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता है। विरोध करने पर आरोपित पति ने उसे निर्वस्त्र कर वीडियो बनाया और उसे प्रसारित करने की धमकी दी। पुलिस ने शनिवार को आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। जिले की सिरमौर थाना क्षेत्र निवासी पीडि़ता की शादी 26 मई 2022 को रीवा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के युवक से हुई थी। शादी के कुछ माह बाद से ही उसका पति और ससुराल के अन्य सदस्य लगातार प्रताडि़त करने लगे और मारपीट करने लगे। बीते दिनों उसका पति अपने कंपनी के अधिकारी और पांच-छह दोस्तों को लेकर घर आया। आरोप है कि पति ने महिला को उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया। महिला ने जब इन्कार किया तो पति ने निर्वस्त्र कर उसका वीडियो बनाया।