भोपाल 21 अप्रैल : लोकसभा चुनाव के बीच मप्र में कांग्रेस के नेता लगातार पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस में मची भगदड़ को लेकर मप्र के पूर्व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को भोपाल में कहा- कुछ बुजुर्ग और जर्जर नेताओं के सहारे कांग्रेस की इमारत खड़ी है। कांग्रेस अब हेरिटेज इमारत की तरह हो गई है। जिसमें रहना कोई नहीं चाहता।
डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा उस बिल्डिंग की स्थिति ऐसी है कि वो अब किसी को पनाह भी नहीं दे सकते। आज वहां पर भगदड़ के हालात हैं। चार लाख से अधिक लोग मप्र में बूथ स्तर पर कांग्रेस को छोड़ चुके हैं। तब जनता का विश्वास, यहां तक कि कांग्रेस के नेताओं का विश्वास कांग्रेस पर नहीं रहा है। सभी मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत जिस स्वर्णिम भारत की कल्पना की है। उसी विकास की मुख्यधारा में सभी रहना चाहते हैं।